मेरा गांव - राजापुर छत्तीसगढ़ की एक झलक ।।
नमस्ते दोस्तों ।।
मेरा नाम हुकुम साय है और मैं छत्तीसगढ़ राज्य के सुरजपुर जिले के एक छोटे से सुंदर गांव राजापुर से हूँ। यह मेरा पहला ब्लॉग पोस्ट है और आज मैं आपको अपने गांव के बारे में कुछ खास बातें बताना चाहता हूँ।
🌾 हमारे गांव की पहचान - धान की खेती अधिक होती हैं।
राजापुर एक शांत और हरा-भरा गांव है जहाँ के लोग मेहनती और सीधे-सादे हैं।
हमारे गांव में मुख्य रूप से धान की खेती की जाती है। बरसात के मौसम में जब खेतों में पानी भर जाता है और हरियाली चारों तरफ छा जाती है, तब यहां की खूबसूरती देखने लायक होती है।
धान हमारे गांव की जीवन रेखा है। किसान भाई सुबह-सुबह खेतों में निकल जाते हैं और देर शाम तक मेहनत करते हैं। हम अपने पारंपरिक तरीके से खेती करते हैं, जिससे न सिर्फ अच्छी पैदावार होती है बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है।
🏡 गांव की सादगी और संस्कृति ।।
राजापुर में हर त्योहार बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है — चाहे वो दीपावली हो, होली, छठ पूजा या हरियाली तीज। गांव के लोग एक-दूसरे की मदद करते हैं और सभी कामों में मिल-जुलकर हिस्सा लेते हैं।
यहां की हवा शुद्ध है, खाना ताजा होता है, और रिश्ते दिल से निभाए जाते हैं।
इस ब्लॉग के जरिए मैं अपने गांव की सुंदरता, संस्कृति और जीवनशैली को आप सभी तक पहुंचाना चाहता हूँ। आगे आने वाले पोस्ट में मैं और भी चीजें शेयर करूंगा — जैसे हमारी खेती के तरीके, गांव के त्यौहार, खानपान, और भी बहुत कुछ।
फिर मिलते हैं अगले पोस्ट में धन्यवाद।।
Post a Comment